संग्राम सिंह को प्राणायम करते देख ब्यूनस आयर्स के लोगों को आई मैसी की याद -

संग्राम सिंह को प्राणायम करते देख ब्यूनस आयर्स के लोगों को आई मैसी की याद 

Share us on
24 Views

खेल टुडे ब्यूरो

नई दिल्ली। बीते गुरुवार को ब्यूनस आयर्स के टिगरे इलाके के एक स्थानीय पार्क में संग्राम सिंह को अपने कोच भूपेश कुमार के साथ सुबह योग और प्राणायम का अभ्यास करना मंहगा साबित हुआ। देखते ही देखते वहां अर्जेंटीनी लोगों की भीड़ लग गई।

फिनोलेक्स पाइप्स की डायरेक्टर रितु छाबड़िया ने बताया कि उस समय कुछ लोग स्पेनिश बोल रहे थे और कुछ इटैलियन जबकि संग्राम सिंह के गाइड ने बताया कि लेवांटाइन एरेबिक और वहां की स्थानीय भाषा केचुआ और गुआरानी में उनसे सवाल करने वालों की भी कमी नहीं थी। पहले तो संग्राम सिंह ने उन्हें गूगल ट्रांसलेशन के ज़रिए योग और फिटनेस के महत्व को बताया, जिससे कुछ उत्साही उनके साथ योग का अभ्यास करने लगे मगर बढ़ती भीड़ के मद्देनज़र उन्हें अपने इस कार्यक्रम को अगले दिन के लिए मुलतवी करना पड़ा। उन्हें वहां गुरुवार को जुजुत्सू के स्पेशल सेशन में भाग लेना था, जहां उनका आधे से ज़्यादा सेशन निकल गया।

गौरतलब है कि सैमुराई फाइट हाउस दो बार के कॉमनवेल्थ हैवीवेट चैम्पियन संग्राम सिंह और फ्रांस के तेज़ी से उभरते फ्लोरियन काउडियर की एमएमए फाइट को रविवार, पांच अप्रैल को ब्यूनस आयर्स में आयोजित कर रहा है। इस बारे में हैनरिक के जितेंद्र सिंह ने बताया कि फुटबॉल क्रेज़ी इस देश में भारतीय योग के लिए ऐसा उत्साह दिखना एक अच्छा संकेत है। उन्होंने बताया कि आठ साल पहले ब्यूनस आयर्स में यूथ ओलिम्पिक का आयोजन किया गया था, तब मनु भाकर और सौरभ चौधरी ने गोल्ड मेडल जीते थे। तब अर्जेंटीना की खेल प्रेमी जनता इन दोनों की एकाग्रता की मुरीद बन गई थी। जितेंद्र ने बताया कि संग्राम ने भी उन्हीं की तरह प्राणायम करके योग के महत्व को उन्हें गूगल ट्रांसलेशन के ज़रिए समझाने की कोशिश की।

जैनिकुआ के देवब्रत सरकार ने कहा कि कुछ साल पहले अर्जेंटीना में आयोजित जी-20 सम्मेलन के दौरान योग फॉर पीस` कार्यक्रम आयोजित किया गया था। तब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के योग पर दिए भाषण से वहां के युवा काफी प्रभावित हुए थे। उन्हें खुशी है कि अब संग्राम सिंह को उनके स्थानीय पार्क में योग करते देख वहां के लोग बेहद गदगद हो गए। वन एक्स प्रोपर्टीज़ के नितिन अग्रवाल ने कहा कि उस मौके पर ज़्यादातर लोग उनसे अर्जेंटीनी और स्पेनिश में कई तरह के सवाल कर रहे थे और संग्राम सिंह अपने कोच भूपेश के साथ गूगल ट्रांसलेशन से उनके सवालों के जवाब देते देखे गए। उन्होंने कहा कि अर्जेंटीना के स्टार फुटबॉलर लियोनेल मैसी प्राणायम पर बहुत ज़ोर देते हैं और आंखे बंद करके काफी समय तक ध्यान केंद्रित करने की कोशिश करते हैं। जब टिगरे पार्क पर संग्राम सिंह को इसी तरह ध्यान लगाते वहां के स्थानीय लोगों ने देखा तो उन्हें काफी अपनेपन का अहसास हुआ।

स्पोर्टस ज़ोन के मनोज अत्री और ग्लोबल एडवरटाइज़िंग के संजीव गुप्ता ने स्वीकार किया कि अब वह दिन दूर नहीं, जब अर्जेंटीनी खिलाड़ी काफी संख्या में योग की ट्रेनिंग लेने के लिए भारत आएंगे। संग्राम सिंह ने कहा कि अगर खेल मंत्रालय ने उन्हें फिटनेस आइकन के तौर पर फिट इंडिया मूवमेंट के साथ जोड़ा है तो उनका भी कर्तव्य बनता है कि वह देश के साथ-साथ विदेशों में भी भारतीय योग और प्राणायम के ज़रिए फिटनेस का प्रचार-प्रसार करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published.