60वीं दिल्ली राज्य सब-जूनियर तैराकी चैंपियनशिप-2026 का शुभारंभ -

60वीं दिल्ली राज्य सब-जूनियर तैराकी चैंपियनशिप-2026 का शुभारंभ

Share us on
29 Views

खेल टुडे ब्यूरो 

नई दिल्ली: दिल्ली तैराकी संघ की एडहॉक समिति द्वारा आयोजित 60वीं दिल्ली राज्य सब-जूनियर तैराकी चैंपियनशिप-2026 का शुभारंभ आज मंगोलपुरी स्थित राजकीय सह-शिक्षा वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के स्विमिंग पूल परिसर में हुआ।

चैंपियनशिप का उद्घाटन दिल्ली सरकार के उप निदेशक (खेल) एस. सुनील ने मुख्य अतिथि के रूप में किया। इस अवसर पर उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल अनुशासन, समर्पण और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागी तैराकों को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएँ दीं तथा उन्हें राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर दिल्ली और देश का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर दिल्ली तैराकी संघ की एडहॉक समिति के चेयरमेन एस आर साहू सदस्य तथा स्विमिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के उपाध्यक्ष राजकुमार भी उपस्थित रहे। उन्होंने युवा तैराकों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएँ उभरती हुई प्रतिभाओं को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने का उत्कृष्ट मंच प्रदान करती हैं।

इस दो दिवसीय प्रतियोगिता में दिल्ली के विभिन्न जिलों एवं संबद्ध क्लबों के 250 से अधिक तैराक भाग ले रहे हैं। यह प्रतियोगिता आगामी राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए दिल्ली टीम के चयन की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

प्रतियोगिता के प्रथम दिवस आयोजित 400 मीटर फ्रीस्टाइल स्पर्धा में मॉडर्न स्कूल, बाराखंबा के सम्राट राठी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। बिड़ला विद्या निकेतन के दर्श संगवान द्वितीय स्थान पर रहे, जबकि माधव ने तृतीय स्थान हासिल किया।

चैंपियनशिप का समापन 12 जुलाई, 2026 को होगा, जिसमें विभिन्न आयु वर्गों की शेष स्पर्धाओं का आयोजन किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published.