लखनऊ लाइव: राम और कौरव युद्ध रहेगा उद्घाटन समारोह का आकर्षण
मुस्कुराइए आप लखनऊ में हैं
राकेश थपलियाल
लखनऊ। ‘मुस्कुराइए आप लखनऊ में हैं’ तीसरे खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स 2022 के रंगारंग उद्घाटन समारोह की शुरुआत में लगभग दो घंटे का समय बचा है। इसमें सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश करने वाले कलाकार देश के विभिन्न हिस्सों से आए हैं।
संतोष शेट्टी डांस कंपनी दिल्ली और मुंबई में कार्य करती है, इस कारण इनके कलाकार दिल्ली और मुंबई से हैं। इन बच्चों में बहुत उत्साह दिखाई दे रहा है। अंतिम समय का अभ्यास जोरदार ढंग से चल रहा है।
एक दिलचस्प सोच के साथ स्टेज में कुरुक्षेत्र बनाकर उसमें राम और कौरव युद्ध रहेगा उद्घाटन समारोह का आकर्षण का केंद्र। यह सुनकर आप हैरान रह हो सकते हैं लेकिन ये खेल का कुरुक्षेत्र रचा गया है जिसमे हमारे प्राचीन युद्ध कला वाले खेल जैसे तीरंदाजी, तलवारबाजी, योग, मलखम्भ आदि के करतब दिखाए जायेंगे। इसके अलावा मंच पर हॉकी भी खेली जाएगी और सभी एक स्वर में बोलेंगे ‘खेलो इंडिया’।
यह पूछने पर कि कुरुक्षेत्र में राम बनाम कौरव का युद्ध तो एकदम गलत इतिहास है? डांस ग्रुप के संचालक अनुराग ने बताया ‘ ये बस एक प्रतीक है। हम बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश देना चाहते हैं इसलिए कुछ बच्चों को राम और कुछ को कौरव का नाम देकर कुरुक्षेत्र में युद्ध करते हुए दिखाया जा रहा है। इसमें युद्ध के साथ खेल भी होगा।’