संग्राम सिंह की पाक फाइटर के साथ भिड़ंत को लेकर मलयेशियाई आयोजकों की भी नींदें हराम, फाइट 19 जुलाई को -

संग्राम सिंह की पाक फाइटर के साथ भिड़ंत को लेकर मलयेशियाई आयोजकों की भी नींदें हराम, फाइट 19 जुलाई को

Share us on
27 Views

कुआलालम्पुर : जब भी हिंदुस्तान-पाकिस्तान का किसी भी खेल में मुक़ाबला होता है तो तनाव सिर्फ खिलाड़ियों पर ही नहीं, आयोजकों पर भी खूब देखने को मिलता है। पहलवान से एमएमए फाइटर बने संग्राम सिंह और पाकिस्तान के फाइटर मोहम्मद आबिद अली के बीच रविवार, 19 जुलाई को यहां होने वाली एशिया चैम्पियन एमएमए टाइटिल फाइट को लेकर इसके मलयेशियाई आयोजक स्ट्राइक-एमएमए की इन दिनों नींदें हराम हो गई हैं।

आयोजकों की टेंशन

स्ट्राइक-एमएमए के अध्यक्ष इस्माइल मारज़ुकी बिन और सीईओ मोहम्मद हाकिम बिन लुकमान अब्दुल्ला का कहना है कि जितना तनाव इस फाइट को लेकर संग्राम सिंह और आबिद अली को होगा, उससे कहीं ज्यादा तनाव उन्हें है। ये फाइट इस आयोजन पर चांद चांद भी लगा सकती है और उन्हें मुश्किलों में भी डाल सकती है। इसके लिए सुरक्षा की कड़ी व्यवस्था की गई है। ये दोनों पिछले दिनों यहां हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में भी इस फाइट के आयोजन को लेकर तनाव में दिखाई दिए थे।

42 हज़ार रुपये का टिकट

कुआलालंपुर में होने वाले इस आयोजन को लेकर एमएमए प्रेमियों में काफी उत्साह है। टिकटें 50 रिंगित (1200 रुपये) से 1500 रिंगित (करीब 42 हज़ार रुपये) की निर्धारित की गई हैं। टिकटों की बिक्री को लेकर इस्माइल और मोहम्मद हाकिम काफी रोमांचित हैं। यहां गौरतलब है कि मलयेशिया की राजधानी कुआलालंपुर में तकरीबन एक लाख 60 हज़ार भारतीय रहते हैं जबकि वहां पाकिस्तानियों की संख्या 20 हज़ार से भी कम है। आयोजकों का कहना है कि इस फाइट के दौरान बहुत सम्भव है कि एमएमए फैंस के हाथों में चारों ओर तिरंगा लहराता दिखाई दे।

पहले भी हरा चुके हैं पाकिस्तानी को

प्रोफेशनल कुश्ती में दोहरे हैवीवेट चैम्पियन रह चुके संग्राम सिंह मानसिक रूप से ज़्यादा मज़बूत दिखाई दे रहे हैं। उनकी पहली एमएमए फाइट भी पाकिस्तानी फाइटर अली रज़ा नासिर के खिलाफ थी। गामा इंटरनैशनल फाइटिंग चैम्पियनशिप के अंतर्गत हुई यह फाइट संग्राम सिंह ने महज़ 90 सेकंड में जीतकर सनसनी फैला दी थी। इससे पहले दुबई में एक रेसलिंग बाउट में उन्होंने पाकिस्तान के ही मोहम्मद सईद को 18 मिनट चले मुक़ाबले में शिकस्त दी थी। यह मुक़ाबला दुबई में फरवरी 2024 में आयोजित किया गया था।

चौथी MMA फाइट

संग्राम सिंह की यह चौथी एमएमए फाइट है। अपनी पिछली फाइट में उन्होंने फ्रांस के फाइटर फ्लोरियन काउडियर को ब्यूनस आयरस में हुए मुक़ाबले में शिकस्त दी थी। यह मुक़ाबला उन्होंने महज एक मिनट 45 सेकंड में अपने नाम करके जीत की हैट-ट्रिक पूरी की थी।

संग्राम ने ईमानदारी के साथ स्वीकारा

खेल मंत्रालय के फिटनेस आइकन संग्राम सिंह का मुक़ाबले को लेकर तनाव के सवाल पर कहना है कि बेशक पाकिस्तानियों को हराने का उनके पास तजुर्बा है लेकिन ईमानदारी से कहें तो उन्हें अच्छा खासा तनाव भी है। बीच में तो वह बीमार भी पड़ गए थे। पता नहीं, टेशन इसका कारण था या खाने में थोड़ी बद-परहेजी इसका कारण था।

वजन घटाया

इस फाइट के लिए दो बार के कॉमनवेल्थ हैवीवेट चैम्पियन संग्राम सिंह ने अपने वजन को 87 से घटाकर 83 कर लिया है। उनका कहना है कि वह इन दिनों रोज़ करीब सौ मसल्स-अप कर रहे हैं। जम्पिंग जैक से लेकर हर छोटी बड़ी एक्सरसाइज़ उन्हें फिट रखने के लिए कारगर साबित हो रही है।

ट्रेनिंग में बदलाव

ट्रेनिंग में बड़ा बदलाव इतना ही है कि अपनी पिछली अर्जेंटीनी फाइट की तैयारी उन्होंने मुम्बई और अहमदाबाद में की थी लेकिन इस बार उनकी तैयारी का बड़ा हिस्सा इन दिनों दिल्ली में चल रहा है जहां लोदी गार्डन में वह तकरीबन तीन घंटे कुछ पहलवानों और मुक्केबाज़ों के साथ वक्त गुजारते हैं क्योंकि वह जानते हैं कि इस फाइट को जीतकर वह एशियन टाइटिल जीतने वाले पहले भारतीय बन जाएंगे।

साई अधिकारी और नवदीप की शुभकामनाएं

भारतीय खेल प्राधिकरण के उप-महानिदेशक मयंक श्रीवास्तव ने यहां नेहरु स्टेडियम में भारत के एमएमए में फिटनेस आइकन बन चुके संग्राम सिंह को इस फाइट के लिए शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर पेरिस पैरालम्पिक के गोल्ड मेडलिस्ट नवदीप सिंह भी मौजूद थे। उन्होंने भी संग्राम सिंह को शुभकामनाएं दीं। संग्राम सिंह खेल मंत्रालय की फिट इंडिया मूवमेंट के ब्रैंड एम्बेसडर भी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published.