संग्राम सिंह पाकिस्तानी फाइटर को हराकर एशिया चैम्पियन टाइटल जीतने वाले पहले भारतीय बने -

संग्राम सिंह पाकिस्तानी फाइटर को हराकर एशिया चैम्पियन टाइटल जीतने वाले पहले भारतीय बने

Share us on
45 Views

खेल टुडे ब्यूरो 

कुआलालम्पुर। कुश्ती से एमएमए में चमके संग्राम सिंह ने पाकिस्तानी फाइटर मोहम्मद आबिद अली को  महज एक मिनट 20 सेकंड में ही हराकर सबका दिल जीत लिया। पाकिस्तानी फाइटर पर उनकी यह दूसरी और कुल चौथी जीत है। एमएमए के मंच पर अपराजित रहने का उनका सिलसिला जारी रहा और वह भी एक चैम्पियन के अंदाज़ में। इस तरह वह एशिया चैम्पियन टाइटल जीतने वाले पहले भारतीय भी बन गए हैं।

जीत को लेकर मलयेशियाई दर्शकों में जबरदस्त उत्साह था। एक उत्साही दर्शक तो फाइट के बाद रिंग के बेहद करीब आकर भारत माता की जय के नारे लगाने लगा। उसने अपनी भाषा में उद्घोष किया कि इन पाकिस्तानियों को तो हम हर जगह हराएंगे। संग्राम सिंह ने जहां इस जीत को 140 करोड़ भारतीयों को समर्पित किया, वहीं मोहम्मद बूटा के नाम से मशहूर मोहम्मद आबिद अली ने फेस ऑफ वाले दिन की तरह ही विवादास्पद बयान दिए। उसकी हार की खीझ लगातार बाहर आती रही। उसने कहा कि मलयेशिया में जितने भी मुसलमान हैं, वह उन सबसे बहुत प्यार करते हैं। उनके इस बयान पर भी वहां काफी हूटिंग हुई। वहीं संग्राम सिंह ने कहा कि उनका किसी भी फाइट में एक ही उद्देश्य रहता है कि देश का तिरंगा ऊंचा हो और उन्हें खुशी है कि उन्हें एक बार फिर इसे ऊंचा करने का सौभाग्य मिला।   इससे पहले संग्राम सिंह पाकिस्तान के अली रज़ा नासिर, ट्यूनीशिया के हाकिम तराबेसी और फ्रांस के फ्लोरियन काउडियर को हरा चुके हैं।

फाइनल से पहले वजन और मोहम्मद आबिद अली के बड़ेबोले बयान के बाद यह मुक़ाबला प्रतिष्ठा की लड़ाई बन चुका था, लेकिन दोहरे हैवीवेट कॉमनवेल्थ चैम्पियन ने अपने देशवासियों को निराश नहीं होने दिया।  संग्राम सिंह के कोच भुूपेश कुमार ने बताया कि मोहम्मद आबिद अली की पंचिंग काफी अच्छी थी। उसने पंचिंग से अटैक किया, जिस पर संग्राम लगातार बचते रहे। उसकी ऊंची कदकाठी होने से उसके पंच की पहुंच भी अच्छी थी जिससे उसका एक पंच संग्राम की आंख पर लगा। उसकी इस खूबी को देखकर संग्राम ने कोई जल्दबाजी या हड़बड़ाहट नहीं दिखाई। हालांकि आबिद भी कुश्ती से एमएमए में आए हैं लेकिन कुश्ती के दांव-पेंचों में संग्राम ने उन्हें बुरी तरह असहाय कर दिया। 30वें सेकंड में संग्राम ने शानदार तरीके से लेग अटैक किया और पलक झपकते ही उन्होंने आबिद पर एंकल होल्ड करके अपनी जीत की आधारशिला रख दी। इसके लिए वह पहले तो आबिद को रिंग के किनारे पर एंकल होल्ड करके उसे खींचकर अंदर लाए और फिर  उसी पोज़ीशन पर उन्होंने आबिद को चोक कर दिया और इसका कोई जवाब आबिद के पास नहीं था। संग्राम की इस जीत पर पूरा स्टेडियम खुशी से झूम उठा और इस तरह उनका एशिया चैम्पियन बनने का सपना साकार हो गया। संग्राम सिंह ने कहा कि वह मेरे अटैक पर एक्शन को डेड करना चाहता था लेकिन उन्होंने उसे अंदर खींचकर उसकी मंशा को पूरा नहीं होने दिया। वहीं कोच भूपेश ने कहा कि आबिद की ऊंची कदकाठी और पंच लगाने की फुर्ती से एक समय तो लगा था कि यह मुक़ाबला काफी नज़दीकी रहेगा लेकिन कुश्ती का अनुभव उनके बहुत काम आया। अर्जेंटीना में पिछला मुक़ाबला भी  उन्होंने इसी तरह लेग अटैक पर जीता था।

Leave a Reply

Your email address will not be published.