देव दुबे और प्रशांत भाटी के शानदार खेल से सहगल क्रिकेट क्लब ने 51वें अखिल भारतीय त्यागमूर्ति गोस्वामी गणेश दत्त मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट 2026 का खिताब लगातार दूसरी बार जीता -

देव दुबे और प्रशांत भाटी के शानदार खेल से सहगल क्रिकेट क्लब ने 51वें अखिल भारतीय त्यागमूर्ति गोस्वामी गणेश दत्त मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट 2026 का खिताब लगातार दूसरी बार जीता

Share us on
313 Views

खेल टुडे ब्यूरो

नई दिल्ली। देव दुबे (नाबाद 93 रन, 78 गेंदों में 6 चौके व 3 छक्के) और प्रशांत भाटी (39 रन, 15 गेंदों में 5 छक्के और 39 रन देकर 2 विकेट)) के शानदार प्रदर्शन से सहगल क्रिकेट क्लब ने 51वें अखिल भारतीय त्यागमूर्ति गोस्वामी गणेश दत्त मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट 2026 का खिताब लगातार दूसरी बार जीत लिया है।

 श्री गुरु तेग बहादुर खालसा कॉलेज ग्राउंड में खेले गए फाइनल मैच में सहगल क्रिकेट क्लब ने मद्रास क्रिकेट क्लब को 1 विकेट से हरा दिया। सहगल क्रिकेट क्लब के देव दुबे (78 गेंदों में 6 चौके व 3 छक्के, नाबाद 93 रन) को शानदार प्रदर्शन के लिए महापौर, दिल्ली प्रवेश वाही, पूर्व टेस्ट क्रिकेटर अजय शर्मा, एस.जी.टी.बी. खालसा कॉलेज के उप-प्रधानाचार्य प्रोफेसर हरबन्स सिंह, पूर्व डीडीसीए सचिव विनोद तिहारा और गोस्वामी गणेशदत्त मेमोरियल सोसायटी के रमन कु. सलूजा ने कीमती मैन ऑफ द मैच अवार्ड प्रदान किया, जबकि स्पोर्ट्स सन फाइटर ऑफ द मैच का अवार्ड सहगल क्रिकेट क्लब के प्रशांत भाटी (15 गेंदों में 5 छक्के, 39 रन और 39 रन देकर 2 विकेट) को मिला।

मद्रास क्रिकेट क्लब के कप्तान ने टॉस जीता और बैटिंग करने का फैसला लिया। मद्रास क्रिकेट क्लब की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए 38.4 ओवरों में 297 रनों के स्कोर खड़ा करने के बाद ऑलआउट हो गई। उसके लिए ओपनर अभय चौहान (52 गेंदों में 7 चौके व 5 छक्के, 77 रन) टॉप स्कोरर रहे जबकि विवरांत (56 गेंदों में 58 रन) और रेहान सिंह (44 गेंदों में 56 रन) ने भी अर्धशतक ठोके। अनमोल ने 35 रनों का योगदान किया। सहगल सीसी की ओर से प्रशांत कुमार भाटी, शिवम शर्मा और प्रिंस यादव ने  दो-दो विकेट चटकाए। विशाल चौधरी, यजस शर्मा और वरुण सूद को एक-एक विकेट मिला।

जवाब में, सहगल क्रिकेट क्लब की टीम ने 39.3 ओवरों में नौ विकेट पर 298 रन बनाकर मैच व खिताब एक विकेट से जीत लिया। उसकी तरफ से  देव दुबे (78 गेंदों में 6 चौके व 3 छक्के, नाबाद 93 रन) टॉप स्कोरर रहे जबकि तुषार भारद्वाज (60 गेंदों में 52 रन) ने अर्धशतक जमाए। ओपनर प्रिंस यादव ने 44 रन बनाए और अंत में प्रशांत भाटी ने 39 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली। मद्रास क्रिकेट क्लब की ओर से हर्ष त्यागी (55 रन देकर 4 विकेट) सबसे सफल गेंदबाज रहे। अभय चौहान (22 रन देकर 2 विकेट) ने दो विकेट चटकाए। रोहित गोयत और वैभव कांडपाल को एक-एक विकेट चटकाया।

टूर्नामेंट के सर्वश्रेष्ठ हरफनमौला खिलाड़ी सहगल क्रिकेट क्लब के प्रिंस यादव रहे। सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज का पुरस्कार मद्रास क्रिकेट क्लब के अभय चौहान को मिला। मद्रास क्रिकेट क्लब के रेहान सिंह को सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज घोषित किया गया। सर्वश्रेष्ठ उभरता खिलाड़ी एस्सेक्स फार्म क्रिकेट क्लब के काव्या गुप्ता बने। विधायक हरीश खुराना ने लगभग एक घंटे तक मैच के रोमांचक क्षणों का आनन्द लिया। उनके अलावा स्पोर्ट सन के पवन के. गुरुदित्ता व अन्य गणमान्य हस्तियों भी फाइनल के दौरान मौजूद रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published.