यश ढुल्ल के शतक से यॉर्क्स क्रिकेट क्लब 51वें अखिल भारतीय त्यागमूर्ति गोस्वामी गणेश दत्त मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट 2026 के सेमीफाइनल में -

यश ढुल्ल के शतक से यॉर्क्स क्रिकेट क्लब 51वें अखिल भारतीय त्यागमूर्ति गोस्वामी गणेश दत्त मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट 2026 के सेमीफाइनल में

Share us on
842 Views

एसआरके टेक्नोलॉजी XI क्रिकेट क्लब को 29 रनों से हराया

यॉर्क्स क्रिकेट क्लब के ओपनर यश ढुल्ल को शतक के लिए गोस्वामी गणेश दत्त मेमोरियल सोसाइटी के उपप्रधान पवन कत्याल और विशिष्ठ अतिथि कैलाश कुमार वाधवा ने कीमती मैन ऑफ द मैच अवार्ड प्रदान किया।

 

 खेल टुडे ब्यूरो

नई दिल्ली। ओपनर यश ढुल्ल के शतक से यॉर्क्स क्रिकेट क्लब ने 51वें अखिल भारतीय त्यागमूर्ति गोस्वामी गणेश दत्त मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट 2026 के सेमीफाइनल में जगह बनाई।

मंगलवार को श्री गुरु तेग बहादुर खालसा कॉलेज ग्राउंड में खेले गए क्वार्टर फाइनल मैच में यॉर्क्स क्रिकेट क्लब ने एसआरके टेक्नोलॉजी XI क्रिकेट क्लब को 29 रनों से हरा दिया। यॉर्क्स क्रिकेट क्लब के ओपनर यश ढुल्ल (90 गेंदों में 16 चौके व 4 छक्के, 126 रन) को शानदार शतक के लिए गोस्वामी गणेश दत्त मेमोरियल सोसाइटी के उपप्रधान पवन कत्याल और विशिष्ठ अतिथि कैलाश कुमार वाधवा ने कीमती मैन ऑफ द मैच अवार्ड प्रदान किया, जबकि स्पोर्ट्ससन फाइटर ऑफ द मैच का अवार्ड एसआरके टेक्नोलॉजी XI क्रिकेट क्लब के अरविंद वर्मा (70 रन देकर तीन विकेट और 69 गेंदों में 9 चौके व 1 छक्का, 86 रन) को मिला।

यॉर्क्स क्रिकेट क्लब के कप्तान ने टॉस जीता और बैटिंग करने का फैसला लिया। यॉर्क्स क्रिकेट क्लब की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 40 ओवरों में नौ विकेट पर 330 रन बनाकर चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया। उसके लिए यश ढुल्ल (90 गेंदों में 16 चौके व 4 छक्के, 126 रन) शतक बनाकर टॉप स्कोरर रहे जबकि अक्षय सैनी (41 गेंदों में 55 रन) और केशव डबास (40 गेंदों में 51 रन) ने अर्धशतक ठोके। एसआरके टेक्नोलॉजी XI की ओर से अरविंद वर्मा (70 रन देकर 3 विकेट) सबसे सफल गेंदबाज रहे। उनके अलावा सभ्य चड्ढा (37 रन देकर 2 विकेट), अविनाश थापा (58 रन देकर 2 विकेट) और अंश चौधरी (80 रन देकर 2 विकेट) ने दो-दो विकेट हासिल किए।

स्पोर्ट्स सन फाइटर ऑफ द मैच का अवार्ड एसआरके टेक्नोलॉजी XI क्रिकेट क्लब के अरविंद वर्मा को देते हुए गोस्वामी गणेश दत्त मेमोरियल सोसाइटी के उपप्रधान पवन कत्याल और विशिष्ठ अतिथि कैलाश कुमार वाधवा। 

जवाब में, एसआरके टेक्नोलॉजी XI क्रिकेट क्लब की टीम 38.3 ओवरों में 301 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। उसकी तरफ से अरविंद वर्मा (69 गेंदों में 9 चौके व 1 छक्का, 86 रन) टॉप स्कोर रहे जबकि अयूष त्यागी ने 49, धनंजय सिंह ने 36 और शौर्य सरण ने 33 रनों का योगदान किया। यॉर्क्स क्रिकेट क्लब की ओर से कुणाल शर्मा (67 रन देकर 3 विकेट) सबसे सफल गेंदबाज रहे। अमन चौधरी (51 रन देकर 2 विकेट) और मौनू शर्मा (57 रन देकर 2 विकेट) को दो-दो विकेट मिले। सिद्धांत शर्मा, सूर्य मलिक और केशव डबास ने एक-एक विकेट लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published.