हर व्यक्ति के स्वस्थ जीवनशैली के लिए खेल अनिवार्य हैं: प्रो. योगेश सिंह -

हर व्यक्ति के स्वस्थ जीवनशैली के लिए खेल अनिवार्य हैं:  प्रो. योगेश सिंह

Share us on
24 Views

खेल टुडे ब्यूरो

नई दिल्ली:इंदिरा गांधी शारीरिक शिक्षा एवं खेल विज्ञान संस्थान (IGIPESS), दिल्ली विश्वविद्यालय द्वारा “भारतीय दृष्टि से खेल सृष्टि: योग, शारीरिक गतिविधि एवं वेलनेस के माध्यम से विकसित भारत का निर्माण” विषय पर एक दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन का सफल आयोजन दिनांक 24 मार्च 2026 को संस्थान परिसर, बी-ब्लॉक, विकासपुरी, नई दिल्ली में किया गया। इस सम्मेलन का आयोजन क्रीड़ा भारती, दिल्ली के सहयोग से किया गया।

सम्मेलन में देशभर से शिक्षाविदों, शोधार्थियों, खेल विशेषज्ञों एवं विद्यार्थियों की उल्लेखनीय सहभागिता रही। 600 से अधिक प्रतिभागियों ने पंजीकरण कराया, जबकि 100 से अधिक शोध पत्र प्रस्तुत किए गए, जो इस सम्मेलन की अकादमिक समृद्धि और व्यापक प्रभाव को दर्शाता है।

इस अवसर पर दिल्ली विश्वविद्यालय के माननीय कुलपति प्रो. योगेश सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। वहीं श्री भानु सचदेवा, अर्जुन पुरस्कार विजेता एवं अध्यक्ष, क्रीड़ा भारती, दिल्ली विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। देश के विभिन्न संस्थानों एवं संगठनों से अनेक गणमान्य व्यक्तियों ने भी अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई।

अपने संबोधन में प्रो. योगेश सिंह ने आयोजन समिति एवं अध्यक्ष की सराहना करते हुए कहा कि खेल केवल करियर के लिए ही नहीं, बल्कि प्रत्येक व्यक्ति के स्वस्थ जीवनशैली के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने विभिन्न तथ्यों के माध्यम से खेलों के महत्व को रेखांकित किया तथा सभी प्रतिभागियों को प्रेरित करते हुए प्रतिदिन कम से कम 30 मिनट व्यायाम करने का संकल्प लेने का आह्वान किया।

श्री भानु सचदेवा ने भी अपने विचार रखते हुए क्रीड़ा भारती की भूमिका को रेखांकित किया और खेलों को जन-आंदोलन बनाने की आवश्यकता पर बल दिया।

सम्मेलन के दौरान विभिन्न तकनीकी सत्रों, शोध पत्र प्रस्तुतियों एवं विचार-विमर्श का आयोजन किया गया, जिसमें भारतीय पारंपरिक दृष्टिकोण को आधुनिक खेल विज्ञान, योग एवं वेलनेस के साथ समन्वित करने पर विशेष चर्चा हुई।

सम्मेलन के समापन सत्र में प्रो. बलराम पाणि की गरिमामयी उपस्थिति रही।अंत में, संस्थान के प्राचार्य प्रो. संदीप तिवारी ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों एवं आयोजन समिति का सफल आयोजन हेतु हार्दिक धन्यवाद ज्ञापित किया।

कार्यक्रम का समापन इस संदेश के साथ हुआ कि खेल, योग एवं शारीरिक गतिविधियों को दैनिक जीवन का अभिन्न अंग बनाकर ही स्वस्थ, सशक्त एवं विकसित भारत (विकसित भारत) का निर्माण संभव है।

Leave a Reply

Your email address will not be published.